शाओलिन टेंपल में भूचाल: मठाधीश शी योंगजीन पर यौन शोषण और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, बौद्ध आस्था को गहरी ठेस
July 28, 2025 | by Nitesh Sharma

चीन का 1,500 साल पुराना शाओलिन टेंपल, जो बौद्ध आस्था और मार्शल आर्ट का प्रतीक माना जाता है, इन दिनों गंभीर विवादों में घिरा है। मंदिर के प्रमुख मठाधीश शी योंगजीन पर कई महिलाओं से अनैतिक संबंध, बच्चों को जन्म देने और संस्था की संपत्ति में भ्रष्टाचार जैसे संगीन आरोप लगे हैं।
चीनी सरकारी अख़बार ‘चाइना डेली’ और शाओलिन टेंपल की वेबसाइट पर जारी नोटिस के मुताबिक, शी योंगजीन पर परियोजना निधियों के गबन, महंगे उपहार स्वीकारने और मंदिर की सम्पत्ति के दुरुपयोग की जांच चल रही है। बौद्ध एसोसिएशन ऑफ चाइना ने उनकी ordination certificate (धर्मगुरु प्रमाण पत्र) रद्द करने का निर्णय भी लिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शी योंगजीन ने वर्षों तक कई महिलाओं से संबंध रखे और बौद्ध सिद्धांतों की खुली अवहेलना की। 2015 में भी उन पर इसी तरह के आरोप लगे थे लेकिन वह तब जांच में बच निकले थे। अब एक बार फिर वही गंभीर आरोप दोहराए जा रहे हैं, जिससे बौद्ध अनुयायियों में आक्रोश है।
1999 से शाओलिन मठ के प्रमुख रहे शी योंगजीन को मंदिर को ग्लोबल ब्रांड में बदलने के लिए “CEO Monk” का निकनेम मिला था। उन्होंने न सिर्फ विदेशों में स्कूल खोले, बल्कि भिक्षुओं का भ्रमणशील कुंग फू दल भी गठित किया, जो दुनियाभर में शो करते थे। लेकिन अब उनके खिलाफ लगते आरोपों ने उनकी छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है।
शाओलिन टेंपल अब केवल ध्यान और साधना का केंद्र नहीं रहा। कई लोगों का मानना है कि यह एक व्यावसायिक और पर्यटन स्थल बन चुका है। मंदिर से जुड़े मार्शल आर्ट्स स्कूल हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, जिससे इसके आध्यात्मिक स्वरूप पर सवाल उठने लगे हैं।
यह पहला मामला नहीं है। हाल ही में थाईलैंड के वाट त्री थोत्साथेप मंदिर के कई वरिष्ठ भिक्षु भी यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के मामलों में फंसे थे। एक महिला द्वारा नौ भिक्षुओं को फंसाकर करीब 100 करोड़ रुपये की उगाही की गई थी।
शी योंगजीन के खिलाफ चल रही जांच और आरोपों ने न सिर्फ शाओलिन टेंपल बल्कि पूरी बौद्ध परंपरा की साख पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। क्या यह प्रतिष्ठित संस्थान अपने मूल आध्यात्मिक मूल्यों को बचा पाएगा, या फिर यह विवादों की भेंट चढ़ जाएगा – आने वाला वक्त तय करेगा।
RELATED POSTS
View all