महाकालेश्वर मंदिर परिसर में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, सभी श्रद्धालु सुरक्षित
May 5, 2025 | by Nitesh Sharma
![]()
उज्जैन, मध्य प्रदेश – महाकालेश्वर मंदिर परिसर में शनिवार को एक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग मंदिर के कंट्रोल रूम की छत पर लगी थी। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया कि छत पर लगे पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के एयर क्वालिटी सिस्टम की बैटरी में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ।
गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी श्रद्धालु और मंदिर कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। एहतियात के तौर पर आग लगे हिस्से की ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई है और दर्शन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।
सीएसपी राहुल देशमुख ने बताया कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। मौके पर आईजी, डीआईजी, एसपी और कलेक्टर सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। दर्शन व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है और श्रद्धालु निश्चिंत होकर मंदिर आ सकते हैं।
RELATED POSTS
View all