CG Election 2nd Phase : दूसरे चरण के निर्वाचन की अधिसूचना कल होगी जारी, 70 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 30 अक्टूबर तक भरे जा सकेंगे नामांकन
October 20, 2023 | by livekhabar24x7.com
रायपुर। CG Election 2nd Phase : विधानसभा आम निर्वाचन-2023 अंतर्गत द्वितीय चरण के 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 21 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही द्वितीय चरण के निर्वाचन के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इस चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग तथा सरगुजा संभाग की कुल 70 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
प्रदेश में द्वितीय चरण में हो रहे निर्वाचन के लिए प्रत्याशी 30 अक्टूबर 2023 तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। द्वितीय चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच 31 अक्टूबर को होगी तथा प्रत्याशी 2 नवम्बर तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। द्वितीय चरण के लिए 17 नवम्बर 2023 को मतदान होगा। प्रथम तथा द्वितीय दोनों ही चरणों की मतगणना 03 दिसंबर 2023 को होगी।
बता दें कि दूसरे चरण के मतदान की तारीखों को आगे बढ़ाए जाने को लेकर रमन सिंह ने कहा कि त्योहार के कारण बड़ी संख्या में मतदाता चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ आप प्रभारी संजीव झा ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि देश भर से, खासकर देश के उत्तरी क्षेत्र से लोग छत्तीसगढ़ में रहते हैं। छठ पूजा, जो उत्तर भारत में भक्ति का सबसे बड़ा त्योहार है। 17, 18 और 19 नवंबर को पड़ता है। उस दौरान लोग अपने घरों को लौट जाते हैं। परिणामस्वरूप, मतदान में भागीदारी कम हो जाएगी।”
RELATED POSTS
View all