Live Khabar 24x7

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान थम गया, जानें 19 अप्रैल को किन सीटों पर होगा मतदान

April 17, 2024 | by Nitesh Sharma

 

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए मतदान 19 तारीख को होंगे। 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 102 सीटों के लिए पहले चरण में मतदान होने हैं। बुधवार शाम इन सीटों पर चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अब इन क्षेत्रों में बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार नहीं होंगे। हालांकि उम्मीदवार व्यक्तिगत स्तर पर घर-घर जाकर अपने लिए वोट मांग सकते हैं। पहले चरण में 8 केंद्रीय मंत्री सहित कई दिग्गज उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।

पहले चरण में ही महाराष्ट्र के नागपुर सीट पर भी मतदान होना है। केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी नागपुर सीट से जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में हैं। 2014 में, उन्होंने सात बार के सांसद विलास मुत्तेमवार को 2.84 लाख मतों के अंतर से हराया था। 2019 में उन्होंने वर्तमान महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले को 2.16 लाख मतों से हराकर सीट बरकरार रखी थी।

वहीं छत्तीसगढ़ में बस्‍तर लोकसभा सीट पर भी मतदान होना है। बस्तर संसदीय सीट के चुनाव में कुल 11 प्रत्याशी आमने-सामने हैं लेकिन इस सीट पर मुख्‍य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। भाजपा ने महेश कश्‍यप को अपना उम्‍मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस के पूर्व मंत्री कवासी लखमा महेश कश्‍यप को चुनौती देंगे। यहां 14.59 लाख मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

पहले चरण, 19 अप्रैल को इन क्षेत्रों में होगी पोलिंग

पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सहित राज्य और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी, जम्मू-कश्मीर और लक्षद्वीप में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

जिन निर्वाचन क्षेत्रों में होगा मतदान :-

1. अरुणाचल प्रदेश (2 सीटें) जिसमें अरुणाचल प्रदेश पूर्व और अरुणाचल प्रदेश पश्चिम शामिल हैं.

2. असम (5 सीटें) जिसमें डिब्रूगढ़, जोरहाट, काजीरंगा, लखीमपुर, सोनितपुर शामिल हैं.

3. बिहार (4 सीटें) जिसमें औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा शामिल हैं.

4. छत्तीसगढ़ से बस्तर की एक सीट.

5. मध्य प्रदेश (6 सीटें) जिसमें छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, सीधी, शहडोल शामिल हैं.

6. महाराष्ट्र (5 सीटें) जिनमें नागपुर, चंद्रपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, रामटेक शामिल हैं.

7. मणिपुर (2 सीटें): आंतरिक मणिपुर, बाहरी मणिपुर.

8. मेघालय की दो सीटें – शिलांग, तुरा.

9. मिजोरम, नागालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम, लक्षद्वीप से एक-एक सीट

10. राजस्थान (12): गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा, नागौर

11. तमिलनाडु: पहले चरण में सभी 39 सीटों पर मतदान होगा.

12. उत्तर प्रदेश: चरण 1 में आठ निर्वाचन क्षेत्रों -पीलीभीत, सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मोरादाबाद और रामपुर में मतदान होना है.

13. पश्चिम बंगाल: कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में मतदान होगा.

14. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1 सीट): अंडमान और निकोबार द्वीप समूह

15. जम्मू-कश्मीर: उधमपुर की एक सीट पर

RELATED POSTS

View all

view all