Cyclone Remal : 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चक्रवाती रेमल तूफान मचाएगा तबाही, बंगाल में दिखने लगा असर, कोलकता एयरपोर्ट 21 घंटे के लिए बंद
May 26, 2024 | by Nitesh Sharma
कोलकाता : Cyclone Remal : चक्रवाती रेमल तूफान अपने साथ तबाही लेकर तेजी से बंगाल-बांग्लादेश तट पर आगे बढ़ रहा है। शनिवार को शाम 5.30 बजे के आसपास, यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी के उत्तर और उससे सटे पूर्वी-मध्य भाग में चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। अनुमान है कि तूफान की गति 70-80 किमी प्रति घंटा और हवा की गति 90 किमी प्रति घंटा रह सकती है। साथ ही 200 मिमी तक भारी बारिश होने का अनुमान है।
इस दौराम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय इलाकों में 110 किमी प्रति घंटे से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो बढ़कर 135 किमी प्रति घंटे तक हो सकती हैं। वहीं चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। वहीं विमानों का संचालन भी बंद रहेगा।
कोलकाता एयरपोर्ट हुआ बंद
कोलकाता हवाईअड्डे के अधिकारियों ने चक्रवात रेमल के संभावित प्रभाव को देखते हुए रविवार दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ान संचालन निलंबित करने का फैसला किया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई’ को बताया कि उड़ान निलंबन अवधि के दौरान अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों क्षेत्रों में आगमन और प्रस्थान वाली कुल 394 उड़ानें हवाईअड्डे से आने-जाने के लिए संचालित नहीं होंगी।
इन जिलों के लिए चेतावनी
अगले दो दिनों में सबसे ज्यादा प्रभावित जिले पूर्वी मिदनापुर और उत्तर और दक्षिण 24-परगना के होने की संभावना है। इन इलाकों में 200 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। कोलकाता के लिए अनुमानित 90 किमी प्रति घंटे की तुलना में 120 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है। मंगलवार तक, उत्तर बंगाल के जिले जलपाईगुड़ी, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर और दार्जिलिंग में भी 130 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है।
पश्चिम बंगाल में बदलने लगा मौसम, चक्रवात रेमल का असर शुरू
पश्चिम बंगाल में चक्रवात रेमल का असर दिखना शुरू हो गया है, बंगाल के तटीय क्षेत्रों में मौसम बदलने लगा है। एनडीआरएफ की टीम लोगों को अलर्ट कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार रात तक मौसम के पूरी तरह से बदल जाने की संभावना है।
RELATED POSTS
View all