Big Breaking : नहीं रहे छत्तीसगढ़ के मशहूर सिंगर जाकिर हुसैन, म्यूजिक इंडस्ट्री में छाया मातम
June 21, 2023 | by livekhabar24x7.com
कोरबा। Big Breaking : म्यूजिक इंडस्ट्री से इस वक्त बुरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के कोरबा के मशहूर सिंगर मोहम्मद जाकिर हुसैन का आज निधन हो गया है। उनकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। गायक जाकिर हुसैन का बिलासपुर में निधन हुआ है। बुधवार दोपहर को पुरानी बस्ती स्थित ईदगाह कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। मशहूर सिंगर जाकिर के निधन से पूरे संगीत जगत में शोक का माहौल बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार, अपनी आवाज के जादू से लोगों के दिलों पर राज करने वाले मोहम्मद जाकिर हुसैन अपने परिवार के साथ बिलासपुर गए हुए थे। वहीं पर उनकी तबीयत अचानक से खराब हो गई। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके पुरानी बस्ती, वार्ड-4, रानी रोड धनवार पारा स्थित आवास पर परिजनों और शुभचिंतकों का पहुंचना शुरू हो गया। उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार देर रात में बिलासपुर से कोरबा लाया गया। जाकिर हुसैन के आवाज के जादू का ही असर था कि उनके प्रशंसकों की तादाद हजारों-लाखों में थी।
तबियत बिगड़ने के चलते जाकिर को जल्द से जल्द स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके बहुत कोशिशों के बावजूद नहीं बचाया जा सका। बता दें कि मोहम्मद जाकिर हुसैन कोरबा की पुरानी बस्ती में निवास करते थे। उन्हें बचपन से ही संगीत और कला के क्षेत्र में खास रुचि थी। यही वजह है कि उन्होंने वॉयस ऑफ इंडिया में अपना परचम लहराया था। इसके बाद से वह छत्तीसगढ़ के हर घर में जाने-पहचाने जाने लगे थे। उनके निधन की सूचना से संगीत जगत के साथ ही परिजनों, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के बीच शोक की लहर फैल गई है।
RELATED POSTS
View all