सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक राजेश मूणत ने उत्साहजनक मतदान के लिए जनता का आभार व्यक्त किया
February 12, 2025 | by Nitesh Sharma

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं रायपुर नगर निगम चुनाव के संयोजक बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक एवं सह-संयोजक राजेश मूणत ने नगरीय निकाय चुनाव में सक्रिय भागीदारी और उत्साहपूर्वक मतदान करने के लिए राजधानी की जनता का आभार जताया है। अग्रवाल और मूणत ने कहा कि मंगलवार को हुए मतदान ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि रायपुर नगर निगम में पिछले 15 वर्षों से चला आ रहा कांग्रेस का कुशासन समाप्त हो चुका है और भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है। रायपुर दक्षिण के उपचुनाव की तरह ही नगर निगम चुनाव में भी भाजपा अपनी जीत का नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
रायपुर नगर निगम चुनाव: भाजपा की ऐतिहासिक जीत के संकेत, अग्रवाल-मूणत ने जनता का जताया आभार
उन्होंने कहा कि जनता का यह उत्साह भाजपा के अटल विश्वास पत्र में किए गए संकल्पों और प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर पूर्ण विश्वास को दर्शाता है। यह प्रदेश की मातृशक्ति द्वारा भाजपा में जताए गए भरोसे का प्रमाण है। रायपुर में भाजपा की सरकार बनते ही पार्टी अपने संकल्प पत्र को पूरी ईमानदारी से लागू करेगी। सांसद अग्रवाल और विधायक मूणत ने आगे कहा कि राजधानी के मतदाताओं में दिखी जागरूकता शहर के विकास की मजबूत नींव रखने का संकेत है। प्रदेश में परिवर्तन की लहर महसूस की जा रही थी, जिसका प्रभाव रायपुर में भी साफ नजर आया। कांग्रेस की भ्रष्ट, कमीशनखोरी से भरी महापौर प्रणाली और निकायों में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों का पतन तय हो चुका है।
मतदान के दौरान जनता के जोश और समर्थन को देखते हुए यह साफ हो गया है कि मतदाताओं ने कांग्रेस के कुशासन, भ्रष्टाचार, माफियाराज और अराजकता के खिलाफ तथा भाजपा के सुशासन और विकास के पक्ष में जनादेश दे दिया है। इसकी औपचारिक घोषणा 15 फरवरी को होगी।
RELATED POSTS
View all