अहमदाबाद प्लेन क्रैश से बड़ा सबक: बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 की होगी जांच, उड़ानों से हटाने पर विचार
June 13, 2025 | by Nitesh Sharma

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: गुरुवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे ने देश को झकझोर कर रख दिया है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेक-ऑफ के कुछ ही क्षणों बाद क्रैश हो गई। इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 241 यात्री और क्रू मेंबर थे, जबकि बाकी मृतक उस इमारत में मौजूद थे, जिससे विमान टकराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने तुरंत अहमदाबाद पहुंचकर हादसे का जायजा लिया और अस्पताल में भर्ती इकलौते जीवित बचे यात्री से मुलाकात की। इस घटना के बाद केंद्र सरकार ने बोइंग के ड्रीमलाइनर 787-8 विमानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
सूत्रों के अनुसार, सरकार अब बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की उड़ान सुरक्षा की व्यापक जांच करवाएगी। यदि इन विमानों में कोई भी खामी पाई जाती है, तो इन्हें उड़ानों से हटाया भी जा सकता है। इसके अलावा, टेक-ऑफ मानकों और एयर इंडिया के रखरखाव प्रबंधन की भी बारीकी से समीक्षा की जाएगी। एविएशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस हादसे के पीछे डबल इंजन फेल्योर या बर्ड हिट (पक्षी टकराव) जैसी संभावनाएं हो सकती हैं। विमान ने लगभग 1:30 बजे उड़ान भरी थी और महज एक मिनट के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अमेरिकी विमान निर्माता बोइंग ने हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वे एयर इंडिया के संपर्क में हैं और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। कंपनी के अनुसार, उसके ड्रीमलाइनर विमानों में बीते 14 वर्षों में एक अरब से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं।
RELATED POSTS
View all