Live Khabar 24x7

Shefali Jariwala Death News: ‘कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का निधन, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

June 28, 2025 | by Nitesh Sharma

7012-shefali-jariwala

LIvekhabhar | Chhattisgarh News

मशहूर अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का शुक्रवार रात असमय निधन हो गया। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उनका पार्थिव शरीर रात करीब 12:30 बजे अंधेरी स्थित कूपर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। कूपर अस्पताल के सहायक चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, शव किसी अन्य अस्पताल से लाया गया था और मृत्यु का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।इसी दौरान, मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम शेफाली के अंधेरी स्थित आवास पर पहुंची और वहां गहन जांच की गई। फिलहाल, कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जांच के अनुसार यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

शेफाली जरीवाला ने 2002 में आए सुपरहिट म्यूज़िक वीडियो ‘कांटा लगा’ के ज़रिए देशभर में लोकप्रियता हासिल की थी। उनका ग्लैमरस अंदाज़, टैटू, बेली पियर्सिंग और बोल्ड फैशन स्टेटमेंट उन्हें “कांटा लगा गर्ल” के नाम से मशहूर बना गया। इस गाने की सफलता के साथ ही भारत में रीमिक्स म्यूज़िक का एक नया दौर शुरू हुआ था। इसके अलावा, शेफाली ने कई टीवी शोज़ और रियलिटी प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लिया। वह बिग बॉस सीजन 13 की प्रतिभागी रही थीं और नच बलिए सीजन 5 में भी अपने पति पराग त्यागी के साथ नजर आई थीं। दर्शकों के साथ उनके रिश्ते और व्यवहार ने उन्हें बेहद लोकप्रिय बना दिया था।

शेफाली का जन्म 15 दिसंबर 1982 को अहमदाबाद, गुजरात में हुआ था। उनके पिता का नाम सतीश जरीवाला और माता का नाम सुनिता जरीवाला है। 2014 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया था। उनकी असामयिक मृत्यु से मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक है। एक चमकता सितारा असमय अस्त हो गया, लेकिन शेफाली जरीवाला की कला और मुस्कान हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।

RELATED POSTS

View all

view all