भारतीय संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, प्रधानमंत्री मोदी का त्रिनिदाद में ऐतिहासिक स्वागत
July 4, 2025 | by Nitesh Sharma

त्रिनिदाद एवं टोबैगो की धरती पर जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे, पूरे माहौल में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई। पोर्ट ऑफ स्पेन के पियार्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत एक ऐतिहासिक क्षण बन गया। खुद त्रिनिदाद की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने पारंपरिक साड़ी पहनकर अपनी पूरी कैबिनेट—38 मंत्री और 4 सांसदों के साथ—PM मोदी का भव्य स्वागत किया।
इस स्वागत में भारतीयता की छाप साफ नजर आई—लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, तिरंगा लहराते भारतीय मूल के नागरिक और सांस्कृतिक समर्पण की अद्भुत मिसाल। यह दृश्य दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक बना।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस अपनापन का गर्मजोशी से जवाब दिया और भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए राम मंदिर, महाकुंभ और भारत की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख किया। साथ ही, उन्होंने कमला बिसेसर को अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति और सरयू जल भी भेंट किया—जो भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक रहा।
बीजेपी नेता अमित मालवीय ने इस स्वागत को “वैश्विक मंच पर भारत के सम्मान और नेतृत्व की स्वीकार्यता” बताया। यह दौरा न केवल कूटनीतिक दृष्टि से अहम है, बल्कि भारतीय मूल के 40% से अधिक लोगों वाले इस देश के साथ भावनात्मक रिश्तों को भी गहराता है।
1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा, भारत और त्रिनिदाद के संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत है।
RELATED POSTS
View all