CG विधानसभा बजट सत्र: देवेंद्र यादव की वापसी, कहा – ‘जनता की आवाज उठाने का अवसर मिला
February 24, 2025 | by Nitesh Sharma

रायपुर: भिलाई विधायक देवेंद्र यादव बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल से रिहा होने के बाद आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि जेल में रहते हुए उन्होंने शीत सत्र का लाइव प्रसारण देखा था, और अब फिर से सदन में पहुंचकर क्षेत्र की जनता के मुद्दे उठाने का मौका मिला है। अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे निभाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें बिहार चुनाव का प्रभारी बनाया गया है और वे जनता के बीच सरकार की नीतियों की कमियों को उजागर करते रहेंगे।
CG विधानसभा बजट सत्र: राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण
बजट सत्र के पहले दिन कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद राज्यपाल रमेन डेका ने सदन को संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के चेहरे पर संतोष की झलक है और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को और मजबूत किया गया है। ट्राइबल संग्राहकों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य दिया जा रहा है।
इसके अलावा, राज्यपाल ने दावा किया कि नक्सलवाद अब बस्तर में अंतिम चरण में है। हालांकि, उनके अभिभाषण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आपत्ति जताई और कहा कि सरकार ने महतारी वंदन योजना को छोड़कर बाकी सभी योजनाओं को बंद कर दिया है।
CG विधानसभा बजट सत्र: अटल जी के संकल्प पूरे करेगी सरकार
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार है। उन्होंने बताया कि पिछले बजट में मोदी गारंटी को पूरा किया गया था, और इस साल का बजट समावेशी और कल्याणकारी होगा। सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के हर संकल्प को पूरा करेगी। सीएम साय ने यह भी घोषणा की कि अगला विधानसभा सत्र नए भवन में आयोजित किया जाएगा और पंचायती व नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
RELATED POSTS
View all