CG Crime : सरपंच की हत्या का आरोपी गिरफ्तार, पत्नी पर बुरी नजर डालने पर उतारा मौत के घाट
August 26, 2024 | by Nitesh Sharma
बालोद। CG Crime : जिले के खेरथा गांव में भाजपा सरपंच की हत्या मामले के आरोपी की गिरफ्तारी हो गई है। जहां पुलिस ने सरपंच के पोस्टमैन दोस्त को वारदात को अंजाम देने के चलते गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सरपंच की पोस्टमैन दोस्त की पत्नी पर बुरी नजर थी। जिसके चलते आरोपी ने हत्या की है।
जानकारी के मुताबिक, खेरथा ग्राम पंचायत निवासी रामजी प्रजापति पोस्टमैन है। उसकी गांव के ही सरपंच विक्रम सिन्हा से गहरी दोस्ती थी। दोनों साथ-साथ घूमते और खाते-पीते थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात भी रामजी प्रजापति के घर सरपंच विक्रम पहुंचा था।
दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। देर रात करीब 2-3 बजे रामजी की पत्नी चीखते हुए बाहर निकली। शोर सुनकर गांव वाले भी एकत्र हो गए। हत्या का पता चलते ही उन्होंने रामजी को उसके ही घर में बंद कर दिया। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दरवाजा खोला तो सरपंच के शव के पास ही रामजी प्रजापति सोते हुए मिला। बेड और उसके आस-पास खून ही खून बिखरा पड़ा था। वहीं सरपंच का खून से लथपथ शव भी था। रामजी ने पुलिस को बताया कि उसने सरपंच विक्रम सिन्हा को मार डाला है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी रामजी प्रजापति ने बताया कि रात को उसने और सरपंच ने साथ बैठकर घर में शराब पी। इस दौरान विक्रम उसकी पत्नी के बारे में गलत बात कर रहा था। वह पत्नी पर गलत नीयत रखता था। इसके कारण दोनों में विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि रामजी ने चाकू से उसके गले पर वार कर दिया।
RELATED POSTS
View all