Live Khabar 24x7

CG CRIME : कॉल पर बात करने से पिता ने किया मना, फिर भी नहीं मानी बेटी, तो उतार दिया मौत के घाट

February 16, 2024 | by livekhabar24x7.com

 

रायगढ़। CG CRIME : भारत की बेटियां आज देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। मगर ऐसी सोच को बदलने की सख्त जरुरत है, जो उन्हें समाज में खुलकर जीने और आगे बढ़ने से रोक रही है। यह बात आज फिर विचारने पर मजबूर कर रही है क्योंकि एक पिता ने अपने ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया। आक्रोश में बेटी की हत्या करने के बाद पिता शव के पास बैठा रहा। पूरा मामला तमनार थाना क्षेत्र के धौराभांठा का है।

पिता ने खाट के पाये से हमला कर बेटी की हत्या कर दी। तमनार थाना क्षेत्र के धौराभांठा निवासी श्याम कुमार राठिया बाहर रहते हुए ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। श्याम कुमार पिछले 15 दिनों से धौराभांठा में आकर रह रहा था। इस बीच गुरूवार की रात करीब आठ बजे श्याम कुमार राठिया की 21 साल की बेटी बाहरतीन राठिया मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान उसके पिता ने उसे दो से तीन बार फोन पर बात करने से मना किया। इसके बावजूद वह अपने पिता की बात को अनुसना करते हुए बात कर रही थी। गुस्से में आकर श्याम कुमार राठिया ने घर में पड़े हुए खाट के पाये से बेटी के सिर पर ताबड़तोड हमला करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने इस घटना की जानकारी सबसे पहले अपने पड़ोस में रहने वाली महिला को फोन करके दी। इसके बाद उस महिला ने इस पूरी वारदात की जानकारी श्याम कुमार राठिया के छोटे भाई को दी। छोटा भाई सूरतलाल राठिया जब अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मौके पर पहुंचा तो देखा कि बाहरतीन की लाश खून से सनी हुई अवस्था में लकड़ी के सोफे पर पडी हुई थी। वहीं, शव के पास में ही उसके पिता श्याम कुमार राठिया मौजूद था।

मृतका युवती के चाचा ने इस पूरी वारदात की जानकारी तमनार थाने में दी। इसके बाद मौके पर पहुंची तमनार थाना पुलिस ने आरोपी पिता श्याम कुमार राठिया को धारा 302 के तहत गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

RELATED POSTS

View all

view all