CG Heatwave : छत्तीसगढ़ के इन जिलों में रहेगा लू का सबसे अधिक प्रभाव, मौसम विभाग ने 48 घंटों के लिए जारी किया अलर्ट
June 2, 2023 | by livekhabar24x7.com
रायपुर. CG Heatwave : छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए लू की चेतावनी जारी की है। पिछले कई दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कभी तेज-धूप के बाद अचानक हवा के साथ बारिश हो रही है तो बादल छाने के बीच तेज धूप निकल रही है।
प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों के लिए मौसम विभाग ने लू की चेतावनी दी है। इनमें राजनांदगांव, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, जांजगीर चांपा, रायगढ़, महासमुंद और मुंगेली आदि मैदानी जिले शामिल हैं।

नौतपा का आज अंतिम दिन
नौतपा का आज आखिरी दिन है। 25 मई से शुरू हुआ था। नौतपा के दौरान चक्रवात और द्रोणिका की वजह से अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को अधिकतम तापमान में दो से 3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान सक्ति जिले में 44.9 डिग्री दर्ज किया गया।
रायपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 दिनों में मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर लू चलने जैसी स्थिति बन सकती है।
RELATED POSTS
View all