Live Khabar 24x7

CG News : शराब पिकर कोई पहुंचा स्कूल, तो किसी ने छात्रवृत्ति के लिए पैसे मांगे, कलेक्टर के निर्देश पर चार शिक्षक सस्पेंड

August 25, 2024 | by Nitesh Sharma

CG News

 

कोण्डागांव। CG News : जिले में कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जहां अलग-अलग कारणों के चलते चारों शिक्षकों के खिलाफ एक्शन लिया गया है। निलंबित किये गए शिक्षकों का नाम सहायक शिक्षक चरण सिंह मरकाम, प्रधान अध्यापक शंकरलाल नेताम, सहायक शिक्षक एलबी चितुराम सर्फे और प्रधान अध्यापक रामसिंह कुदराम है।

बता दें कि फरसगांव ब्लाॅक अंतर्गत प्राथमिक शाला कुम्हारपारा बंजोड़ा में पदस्थ शिक्षक चरण सिंह मरकाम के स्कूल में शराब पीकर पहुंचने और पढ़ाई में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली थी। जिसके बाद अब उन्हें मामले में निलंबित किया गया है।

विकासखण्ड शासकीय उच्च प्राथमिक शाला आदनार के प्रभारी अध्यापक रामसिंह कुदराम को स्कूल के बच्चों से जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति बनाने के लिए प्रति छात्र 300 रूपए लेने की शिकायत पर जांच के बाद संबंधित के निलंबन के लिए प्रस्ताव सयुंक्त संचालक स्कूल शिक्षा बस्तर संभाग जगदलपुर को भेजा गया।

विकासखंड कोण्डागांव अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कोहकाड़ी के सहायक शिक्षक एलबी चितुराम सर्फे को बिना पूर्व सूचना के लंबी अनुपस्थिति के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है। वहीं, फरसगांव अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सदाड़ी के प्रधान अध्यापक शंकरलाल नेताम को पढ़ाई में असमर्थ पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसगांव रहेगा।

RELATED POSTS

View all

view all