Live Khabar 24x7

CG Political : वेंटीलेटर पर कांग्रेस, जल्दी होगी देश के राजनीतिक नक्शे से विलुप्त

January 30, 2024 | by livekhabar24x7.com

रायपुर। CG Political : कांग्रेस पार्टी डूबती हुई नाव है। अब तो वह वेंटीलेटर पर चल रही है। बहुत जल्दी यह देश के राजनीतिक नक्शे से विलुप्त होने वाली है। भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 11 सीटों पर शानदार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कही।

सीएम साय ने आगे कहा कि, विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने अनथक परिश्रम किया और मतदाताओं ने “मोदी की गारंटी” पर भरोसा जताया है। रायपुर लोकसभा सीट पर भाजपा की 8 बार की जीत ने इस लोकसभा क्षेत्र को भाजपा का अभेद्य गढ़ बना दिया है। पिछली बार की तुलना में आगामी लोकसभा चुनाव में रायपुर की सीट हम 5 लाख से ज्यादा मतों से जिताने के लिए हम सब संकल्पित हैं।

सीएम साय ने कहा कि आज भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने कोई राजनीतिक दल और नेता मुकाबले में नहीं है। अपने 10 वर्षों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार ने विकास और जनकल्याण के अनेक कार्य तो किए ही हैं, साथ ही धारा 370 हटाने, तीन तलाक पर रोक लगाने, अयोध्या में प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने के वैचारिक पृष्ठभूमि के ऐतिहासिक और क्रांतिकारी फैसले भी लिए हैं।

Read More : CG Political : भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए शुरू की तैयारियां, रायपुर और महासमुंद में संसदीय चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन

लोकसभा चुनाव में सभी 11 सीटों पर होगा भाजपा का कब्जा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी पर प्रदेश की जनता ने भारी विश्वास जताया है तो अब तो लोकसभा चुनाव स्वयं श्री मोदी को फिर से प्रधानमंत्री पद के लिए चुनने का है। इस बार 400 पार का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ताओं को जन-जन तक पहुँचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियाँ और प्रदेश की डेढ़ माह की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताना है।

सीएम साय ने प्रदेश में डेढ़ माह की अपनी सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा के संकल्पों और “मोदी की गारंटी“ पर तेजी से काम कर रही है। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी, किसानों को दो साल के बकाया बोनस का भुगतान, 18 लाख प्रधानमंत्री आवास के निर्माण की स्वीकृति, पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंपने जैसे फैसलों पर अमल किया गया है।

प्रदेश के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, विधानसभा चुनाव में जिस तरह प्रदेश का इतिहास बदला है, अब लोकसभा में भी सभी सीटों पर भाजपा को भारी बहुमत से जिताकर एक नया इतिहास रचना है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी को यह संदेश देंगे कि जिस तरह आपकी गारंटी पर हमने प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है, अब आपकी गारंटी पर हम सब मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाएंगे।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक लोकसभा के लिए 17 चुनाव हो चुके हैं और इनमें से रायपुर लोकसभा से 8 बार भाजपा ने जीत दर्ज की है। केंद्र में अब तक 5 बार भाजपा व भाजपानीत गठबंधन की सरकार बनी है। भाजपा जिस वैचारिक पृष्ठभूमि पर आधारित राजनीति कर रही है, उसके अनुरूप काम तभी हो सकता है, जब बार-बार भाजपा की सरकार केंद्र और प्रदेशों में बने।

कार्यक्रम के अंत में सांसद सुनील सोनी ने आभार प्रदर्शन किया और रायपुर लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा तथा लोकसभा चुनाव संयोजक अशोक बजाज ने कार्यक्रम का संचालन किया।

इसके साथ ही दुर्ग लोकसभा के लिए गंजपारा दुर्ग में केन्द्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया वहीं महासमुंद लोकसभा चुनाव के लिए महासमुंद में केन्द्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरूण साव ने किया।

RELATED POSTS

View all

view all