Live Khabar 24x7

कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस : सीएम साय ने अवैध शराब व पुलिस संरक्षण के आरोपों पर जताई नाराजगी, दिए ये निर्देश

September 13, 2024 | by Nitesh Sharma

CM

LIvekhabhar | Chhattisgarh News

रायपुर। कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस में बिलासपुर, दुर्ग के बाद मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव रेंज की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री राजनांदगांव रेंज में अवैध शराब की बिक्री और पुलिस के साथ सांठगांठ के लग रहे आरोपों पर नाराजगी जतायी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह से बंद होनी चाहिये।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव रेंज पुलिस को कहा कि रेंज में कुछ जगह अच्छे काम हुए हैं, त्रिनेत्र एप और चिटफंड मामलों में अच्छी कार्रवाई हुई है लेकिन सिर्फ इतना पर्याप्त नहीं है। अवैध शराब बिक्री की बहुत शिकायत है, पुलिस के संरक्षण के आरोप लगते है, ये बिलकुल नहीं होना चाहिए। अवैध शराब बिक्री पूरी तरह बंद होना चाहिए।

कई जगहों में जांच को लेकर काफी आक्रोश है, शिकायत मिलती है की जांच टीम सही से जांच नही कर रही, अधिकारी जांच में उपस्थित नही रहते है, ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, काम में लापरवाही बिल्कुल नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने दुर्ग रेंज को पुलिसिंग में बेहतर काम के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दुर्ग पुलिस रेंज को और ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। हत्या और डकैती के मामले 6 महीने में भी नहीं सुलझ पा रहे हैं, ये सही नहीं है। मुख्यमंत्री ने कई मामलों में आरोपी फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।

वहीं किसान सम्मान निधि में धोखाधड़ी के मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी गड़बड़ियां भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए। वहीं प्रतिबंधात्मक मामलों में देरी न हो और जिला बदर की कार्रवाई केवल कागजों पे ना हो बल्कि वास्तव में हो। उन्होंने कहा कि नए कानून की जानकारी को बेहतर तरीके से स्वीकार करें और जरूरत के अनुसार ट्रेनिंग कर खुद को अपडेट करते रहें।

RELATED POSTS

View all

view all