भिलाई। Durg Accident : दुर्ग जिले में केडिया डिस्टलरी के 40 कर्मचारियों को लेकर कुम्हारी से भिलाई लौट रही बस मंगलवार रात नौ बजे खदान में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर किया।और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
CM ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर कहा, “दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के ईलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
Read More : Train Accident : ट्रेन से कटकर दो मासूम बच्चे समेत 4 की मौत, परिवार में पसरा मातम, जानें कैसे हुआ यह हादसा…
राष्ट्रपति ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया हेंडल एक्स पर लिखा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दुखद है. सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
पीएम मोदी ने जताया दुख
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक्स हेंड पर लिखा कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है. इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है.
केडिया डिस्टलरी ने 10-10 लाख मुआवजे का किया ऐलान
दुर्ग शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने कहा कि दुर्घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई। कर्मचारी केडिया डिस्टलरी कंपनी के कर्मचारी बताए जाते हैं। ये कर्मचारी ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे थे। केडिया डिस्टलरी की ओर से मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया गया है। चूंकि हादसे में कई घायलों की हालत नाजुक है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।