दुर्ग। दुर्ग के ग्राम रसमडा में हुई एक चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय डकैत गिरोह के एक सदस्य को गिरफतार किया है। वहीं पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार से कमीशन में सोना खपाने वाले को भी पकड़ा है। डकैतों ने टिंबर व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर 35 तोला सोना और 26 हजार कैश की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अंजोरा थाने में डकैती का केस दर्ज हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, 7 और 8 जून के दरम्यानी रात को टिंबर मर्चेट के घर पर डकैतों ने धावा बोला था। मामले थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम 22 दिनों तक मध्य प्रदेश के झाबुआ में कैंप करती रही। पुलिस को खबर थी कि भील गिरोह के लोग इस डकैती कांड में शामिल हैं। डकैतों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश भी दे रही थी।
पुलिस ने मध्य प्रदेश से डकैतों के एक एजेंट को भी गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया एजेंट भूरसिंह धार का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि रसमड़ा कांड को अंजाम देने के लिए डकैत धार से इंदौर गए। वहां से हैदराबाद होते हुए रायपुर पहुंचे। इसके बाद रायपुर से सभी डकैत प्लान के तहत रसमड़ा पहुंचे. डकैती वाले स्पॉट पर जाने के लिए डकैतों ने ऑटो का इस्तेमाल किया था। डकैती के बाद सभी लोग ट्रक से लिफ्ट लेकर नागपुर भाग गए थे।
20 लाख के बेचे थे गहने
सीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने डकैती के बाद लूट का माल जिसमें 20 लाख के गहने थे बेच दिए। दो कीमती घड़ियां भी डकैतों ने बेच दी। डकैत जो कैश लूट कर भागे थे वो कैश भी खर्च कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी भंगू के पास से सोने का लॉकेट और एक अंगूठी बरामद की है। धार से पकड़े गए डकैतों के एजेंट से 5200 की नकदी और एक नेकलेस बरामद हुआ है।
मामले के खुलासे में त्रिनयन एप ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पांच सौ पचास से भी अधिक CCTV कैमरे के फुटेज खंगाले गए है। पतासाजी के दौरान हजार से भी अधिक मोबाईल नंबरों का पुलिस ने विश्लेषण किया है। दुर्ग रसमड़ा के अतिरिक्त NSPCL कालोनी रूआंबांधा दुर्ग, खम्हारडीह क्षेत्र रायपुर और पूर्व में कटघोरा, कोरबा में भी इन आरोपियों ने नकबजनी व डकैती की घटना को अंजाम दिए है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम :-
- भंगु डावर, उम्र 25, धार, मध्यप्रदेश
बरामद सामान- भंगू से एक सोने की चैन, एक सोने की लॉकेट, एक सोने की मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी
भूरसिंह चौहान, उम्र 26 वर्ष, धार, मध्यप्रदेश
बरामद सामान- आरोपी भूर सिंह से नगदी 5.200 रूपये एक सोने की नेकलेस जुमला कीमती करीबन 3,20,000 रूपये एवं अन्य जेवरात की बरामदगी हेतु पुलिस रिमांड ली गई है टीम धार जाकर माल बरामद करेगी।