Live Khabar 24x7

Earthquake : भूकंप के झटकों से फिर दहला अफगानिस्तान, रिक्टर स्केल पर इतनी रही तीव्रता

October 15, 2023 | by livekhabar24x7.com

 

काबुल। Earthquake : भूकंप से तबाह हुए अफगानिस्तान में रविवार सुबह फिर झटके महसूस किए गए हैं। जिसकी रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.3 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने यह जानकारी दी। तेज भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल गए।

पिछले हफ्ते लगातार आए भूकंप के झटकों से सब तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा था। हालांकि, आज के भूकंप में अब तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि हाल में आए भूकंप का केंद्र प्रांतीय राजधानी हेरात से लगभग 34 किलोमीटर दूर और सतह से आठ किलोमीटर (पांच मील) गहराई में था। इस भूकंप में जान-माल के संभावित नुकसान को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

पिछले हफ्ते आए भूकंप में कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए थे। यह देश के हालिया इतिहास में आए सबसे विनाशकारी भूकंप में से एक था। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने बताया था कि इस भूकंप में मारे गए लोगों में 90 फीसदी से अधिक महिलाएं और बच्चे थे। तालिबान अधिकारियों ने कहा था कि इस भूकंप के कारण हेरात प्रांत में दो हजार से अधिक लोगों की जान चली गई।

संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, भूकंप का केंद्र जिंदा जान जिले में था। इस जिले में 1,294 लोगों की जान गई, 1,688 लोग घायल हुए और लगभग सभी मकान नष्ट हो गए। शुरुआत में आए भूकंप, भूकंप बाद के झटकों और इसके बाद बुधवार को फिर से आए 6.3 तीव्रता वाले भूकंप के कारण पूरे के पूरे गांव तबाह हो गए।

RELATED POSTS

View all

view all