Live Khabar 24x7

भाजपा प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यशाला सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं से की ये अपील

August 29, 2024 | by Nitesh Sharma

CG News

LIvekhabhar | Chhattisgarh News

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि 4 सितंबर से प्रदेश में एक साथ शुरू होने जा रहे भाजपा सदस्यता अभियान में सबको अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के हाथों पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर इस अभियान की शुरुआत करेंगे। 3 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदस्यता ग्रहण कर प्रदेश में अभियान शुरू करेंगे। 4 और 5 सितंबर से जिला और मंडलों में यह अभियान प्रारंभ होगा। देव भाजपा सदस्यता अभियान के परिप्रेक्ष्य में प्रदेश व सभी जिलों के भाजपा प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की एक वृहत बैठक को गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संबोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि भाजपा विश्व में एक मात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसके 1 जनवरी से लेकर 31 दिसंबर संगठन की कार्य योजना के अनुसार कार्यक्रम होते हैं और उसका परिणाम आज यह है कि हम पूरी दुनिया में सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप खड़े हैं. प्रकोष्ठों के सभी संयोजकों ने अपना लक्ष्य निर्धारित किया है। हमको सदस्य बनना है और बनाना भी है।

किरण सिंह देव ने कहा कि चार महीने के बाद हम दो और चुनाव में जाने वाले हैं, एक नगरीय निकाय चुनाव और दूसरा पंचायत चुनाव. इनमें इस सदस्यता अभियान की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. हम अपने पिछले लक्ष्य को पार करें और पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार बने, यह हमारे एक अवसर है. देव ने कहा कि हमारे लिए सदस्यता अभियान संगठन महापर्व है. राजनीतिक दल के रूप में हम काम करते हैं और इसलिए इस अभियान में हम यह संदेश देने में सफल रहेंगे कि भाजपा पार्टी विथ डिफ्रेंस है जिसमें आंतरिक लोकतंत्र है, उसका अपना संविधान है, उस व्यवस्था के तहत कार्यक्रम और विचार लेकर हम जनता के बीच जाते हैं। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता और कार्यक्रम आधारित दल है।

किरण सिंह देव ने आग्रह किया कि सभी प्रकोष्ठों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में होर्डिंग्स लगाया जाना चाहिए ताकि एक वातावरण बने। देव ने सभी प्रकोष्ठों से आग्रह किया कि अभियान के परिप्रेक्ष्य में की गई संरचना पर अमल करें, क्योंकि 4 तारीख से जिलों के सदस्यता अभियान में सभी मोर्चा के उस जिले में रहने वाले सभी पदाधिकारी, कार्यसमिति के सदस्य, एक साथ पूरे 35 जिलों से सदस्यता अभियान की शुरुआत एक साथ करेंगे। देव ने कहा कि दो चरणों में सदस्यता अभियान में किसी भी प्रकार से हम अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत करें।

RELATED POSTS

View all

view all