Live Khabar 24x7

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था बदहाल, गृहमंत्री इस्तीफा दें

September 18, 2024 | by Nitesh Sharma

mahant

 

रायपुर। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने में असफल हो रही है। उन्होंने गृह विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कबीरधाम की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहां खुलेआम अपराधियों द्वारा हिंसा की जा रही है, जिससे आम जनता में डर और भय का माहौल बना हुआ है। महंत ने इस मुद्दे पर गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफा देने की मांग की है।

नेता प्रतिपक्ष ने रेंगाखार थाने में 27 वर्षीय युवा प्रशांत साहू की मौत पुलिस की बर्बरता और प्रताड़ना के कारण हुई। महंत ने मांग की कि रेंगाखार थानेदार और अन्य सिपाहियों पर हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए और निलंबित किया जाए।

महंत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के आने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। पुलिस पर गृहमंत्री का इतना नियंत्रण है कि बिना उनकी अनुमति के साधारण मामलों में एफआईआर भी दर्ज नहीं की जाती। उन्होंने लोहारीडीह में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन ने जघन्य अपराधों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

महंत ने साहू समाज के मंडल अध्यक्ष शिवप्रसाद साहू की संदिग्ध मौत पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है, लेकिन कबीरधाम जिला पुलिस इसे आत्महत्या के रूप में प्रस्तुत कर रही है। महंत ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग शिवप्रसाद को परेशान कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया।

महंत ने यह भी कहा कि वारदात में शामिल दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष ग्रामीणों को भी विभिन्न धाराओं के तहत फंसाया जा रहा है। कई घरों के बुजुर्गों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे घरों में केवल बच्चे रह गए हैं। महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि वे गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफा लें, और अगर वह इस्तीफा नहीं देते, तो मुख्यमंत्री को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए।

RELATED POSTS

View all

view all