जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर के ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में भीषण विस्फोट हुआ हैं। जिसमें दो कर्मचारियों की जान चली गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। यह ब्लास्ट फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन में स्थित बिल्डिंग नंबर 200 में हुआ।
सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट उस वक्त हुआ जब एफ-6 सेक्शन में एरियल बम फिलिंग का काम चल रहा था। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे पूरी इमारत ढह गई और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी मलबे में दब गए और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा घटनास्थल पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
धमाके के तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे में दबे कर्मचारियों को निकालने का काम शुरू किया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले ओएफके अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों – रणधीर, श्यामलाल और चंदन को तुरंत निजी अस्पताल रेफर किया गया। प्रशासन द्वारा स्थिति की निगरानी की जा रही है, और इस हादसे की हर पहलू से जांच की जा रही है।