दंतेवाड़ा। लोकसभा चुनाव से पहले बस्तर में जवानों को नक्सलियों के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार की सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। दोनों तरफ से हुई गोलाबारी में फोर्स को सफलता हासिल हुई है।
दंतेवाड़ा मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
मिली जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा और बीजापुर के बॉर्डर पर सुरक्षाबल के जवान शुक्रवार को तलाशी पर निकले थे। इस दौरान नक्सलियों ने उन पर हमला बोल दिया। भारतीय जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। इसके साथ ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ 15 से 20 मिनट तक चली, इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने नक्सली को मार गिराया। सुरक्षाबलों की टीम को मौके से एक नक्सली का शव, हथियार और कई नक्सल सामग्री मिली है।
गौरतलब है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुरंगेल, बड़ेपल्ली, डोडीतुमनार, गमपुर के जंगल में भारी संख्या में हार्डकोर इनामी नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर 4 अप्रैल की शाम जवानों की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था।
आज 5 अप्रैल की सुबह इसी इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब 30 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग हुई। जब मुठभेड़ रुकी, तो जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक पुरुष नक्सली का शव बरामद किया गया है। साथ ही कई जगह खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस का दावा है कि कई और नक्सली घायल हुए हैं।