दुर्ग। दुर्ग के भिलाई थाना क्षेत्र के उमदा में एक गुटखा फैक्ट्री और गोडाउन में पुलिस ने रेड मारी। जहां तड़के सुबह पुलिस की टीम ने 85 बोरा जर्दायुक्त गुटखा जब्त कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुरुवार के तड़के 3-4 बजे गुटखा की गाड़ी भिलाई की ओर आएगी। जिसके बाद एसपी जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर पुलिस की टीम ने देर रात तीन बजे उमदा के पास पहुंची। उन्होंने देखा कि रात तीन बजे के करीब एक गाड़ी CG 07 BK 5038 आती हुई दिखी। उन्होंने ट्रक को रोका और तलाशी ली तो उसके अंदर 60 बोरा पानराज जर्दा युक्त गुटखा भरा हुआ था।
पूछने पर ट्रक चालक ने बताया कि वो उमदा से माल लेकर आ रहा है। पुलिस ट्रक वाले को लेकर गुटखा फैक्ट्री तक पहुंची। तब तक आरोपियों को इसकी भनक लग गई थी। वो लोग गुटखा बनाने वाली मशीन को लोडर CG 07 CS 5338 में लोड करके भागने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
फैक्ट्री के अंदर से 25 बोरा जर्दायुक्त गुटखा और काम करने वाले मजदूरों को गिरफ्तार कर पुरानी भिलाई थाने लाया गया है। यहां मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सीएसपी छावनी ने बताया कि नकली जर्दायुक्त गुटखा बनाने वाला मुख्य आरोपी साजिद खान है। वो पावर हाउस छावनी क्षेत्र में रहता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं उसका एक साथी पंडा है, जो उड़ीसा का रहने वाला है और यहां रहकर गुटखे की डिलिवरी लेने का काम करता है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।