नई दिल्ली। Shubman Gill Century : IPL 2023 के दुसरे क्वालीफायर मुकाबले में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को हरा दिया। गत चैंपियन गुजरात ने पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंय को हराकर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। इस बार फाइनल में उसके सामने चार बार की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स होगी। दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में एक बार फिर शुभमन गिल हीरो रहे। उन्होंने इस मैच में तूफानी शतक ठोका।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने गिल के शतकीय पारी (129 रन) की बदौलत मुंबई की टीम के सामने 234 रन का लक्ष्य रखा था। लेकिन मुंबई 18.2 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई। मुंबई के लिए सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कैमरन ग्रीन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। सूर्यकुमार ने 38 गेंद पर सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। उन्होंने सात चौके और दो छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 14 गेंद पर 43 रन बनाए। वहीं, कैमरन ग्रीन ने 20 गेंद पर 30 रन का योगदान दिया। मुंबई के आठ खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए।
Read More : MI Vs GT Q2 IPL 2023 : मुंबई ने जीता टॉस, गुजरात करेगी पहले बल्लेबाजी, देखें पूरी प्लेइंग 11
गिल ने ठोका तीसरा शतक
गुजरात के लिए शुभमन गिल ने सर्वाधिक 129 रन बनाए। उन्होंने 60 गेंद की पारी में सात चौके और 10 छक्के लगाए। गिल का चार मैचों में यह तीसरा शतक है। उन्होंने लीग राउंड के आखिरी दो मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। गिल के अलावा साई सुदर्शन ने 31 गेंद पर 43 रन बनाए। वह रिटायर्ट आउट हुए। इसी के साथ गिल ने कई दिग्गज को पछाड़ते हुए एक ही सीजन में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
फाइनल में चेन्नई से होगा मुकाबला
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने अपने दूसरे आईपीएल सीजन में भी बेहतरीन प्रदर्शन लीग स्टेज मुकाबलों में दौरान दिखाया। गुजरात ने 14 लीग मुकाबलों में से 10 में जीत दर्ज करने के बाद 20 अंकों के साथ पहले नंबर पर रहते हुए खत्म किया था। पिछले सीजन भी गुजरात की टीम ने फाइनल मुकाबले में जगह बनाते हुए राजस्थान रॉयल्स को मात दी थी। अब लगातार दूसरी बार फाइनल में उन्होंने जगह बनाई है। जहां पर टीम का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से अपने होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।