
रीवा। जिले के पुलिस विभाग से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने महकमे में हलचल मचा दी है। सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने थाने के भीतर एक रोमांटिक गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। इस वायरल वीडियो के बाद रीवा रेंज के उप महानिरीक्षक (DIG) राजेश सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे संभाग के पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वर्दी की गरिमा और विभाग की मर्यादा के विपरीत कोई भी सोशल मीडिया गतिविधि स्वीकार्य नहीं होगी। DIG ने कहा कि कोई भी ऐसा पोस्ट या रील, जो विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाता हो, उस पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने यह संदेश साफ कर दिया है कि सरकारी पद और जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया पर संयम भी जरूरी है।
यह मामला शनिवार को सामने आया, जब सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा का बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के एक रोमांटिक गाने पर बनाया गया रील वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अंकिता मिश्रा ने आरजू फिल्म का गाना, “अब तेरे दिल में हम आ गए…’ पर रील बनाई। अंकिता मिश्रा ने पुलिस स्टेशन के अंदर रील बनाई थी, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे।
डीआईजी राजेश सिंह ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने सोमवार को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को एक कड़ा आदेश जारी किया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पुलिसकर्मी वर्दी में या सिविल ड्रेस में किसी भी तरह की रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल न करें। उन्होंने आदेश में लिखा है कि ऐसे कृत्यों से पुलिस विभाग की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पुलिस जैसे अनुशासित विभाग में रहकर इस तरह की गतिविधियां अनुशासनहीनता के दायरे में आती हैं और पद की गरिमा के प्रतिकूल हैं, जिससे जनता के बीच पुलिस की छवि खराब होती है।
RELATED POSTS
View all