Live Khabar 24x7

AISECT हुई ब्लैक लिस्टेड, 1.82 करोड़ रुपए की मिली गड़बड़ी, इन छात्रों को हो सकती है परेशानी

May 16, 2023 | by livekhabar24x7.com

रायपुर। (AISECT) ऑल इंडिया सोसायटी फॉर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्प्यूटर टेक्नोलॉजी पर शिक्षा विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। कंपनी कई सालों से प्रदेश में कम्प्यूटर प्रशिक्षण देने का काम कर रही है। अब तक लाखों छात्रों ने संस्था के अंतर्गत कोर्स भी किए हैं।

अब छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने आईसेक्ट को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। लोक लेखा समिति ने यहां 1.82 करोड़ की गड़बड़ी पकड़ी थी, जिसके बाद समिति की अनुशंसा के आधार पर ही ये कार्रवाई की गयी है।

प्रदेश के स्कूलों में इंदिरा सूचना शक्ति योजना के तहत आईसेक्ट संस्था ने साल 2021 से लेकर 2004 तक कम्प्यूटर प्रशिक्षण का कार्य कराया था। लोक लेखा ने अपने 36वें प्रतिवेदन में योजना के तहत 1.82 करोड़ रुपए का अनियमित भुगतान पाया गया। इस पर विभाग ने आईसेक्ट को नोटिस भी जारी किया था।

हालांकि उस वक्त संस्था ने समिति के सर्वे को अविश्वसनीय बता दिया था। इसके बाद समिति ने ही आईसेक्ट को ब्लैक लिस्टेड करने की अनुशंसा की और फिर शिक्षा विभाग के अवर सचिव ने सोमवार को इसका आदेश जारी किया है।

प्रदेश में नहीं कर पाएगी सरकारी प्रशिक्षण या कोर्स आयोजित

आईसेक्ट कम्प्यूटर ने लाखों युवाओं को कम्प्यूटर ट्रेनिंग देने का कार्य किया है। संस्था कम्प्यूटर आधारित डिग्री और कोर्स करवाती आ रही है। संस्था से कई छात्रों ने अबतक पढ़ाई की, लेकिन नौकरी के समय डिग्रियों को ही अमान्य कर दिया गया था। जिससे इसकी मान्यता और विश्वसनीयता पर सवाल उठते आ रहे है।

आईसेक्ट छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में कम्प्यूटर प्रशिक्षण दे रही है। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस संस्था को ब्लैक लिस्टेड किए जाने के बाद प्रदेश में किसी भी तरह के सरकारी प्रशिक्षण या कोर्स इस संस्था के द्वारा आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। वहीं सबसे ज्यादा परेशानी उन छात्रों को हो सकती है जो इस वक्त संस्था से कोर्स या डिग्री कर रहे है।

RELATED POSTS

View all

view all