Live Khabar 24x7

जनादेश से पहले EVM को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाये, भाजपा ने किया पलटवार, कहा – हार के कारण के लिए ईवीएम को बना रहे बहाना

May 27, 2024 | by Nitesh Sharma

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने फिर से ईवीएम राग छेड़ दिया है। ओडिशा और अन्य प्रदेशों में राजनीतिक प्रचार कर लौटे कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में सियासी पारा फिर हाई कर दिया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को इस संबंध में एक प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर लोकसभा चुनाव तक EVM में खराबी देखने को मिल रही है। यह हम नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता तक कह रहे हैं।

मतदान के 10-12 दिन के बाद वोटिंग परसेंटेज बढ़ा बताया जा रहा है। यह देश की हर राजनीतिक पार्टी के लिए चिंता का विषय है। मशीनें जमा होने के 24 घंटे के भीतर ही फाइनल वोटिंग परसेंटेज घोषित कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हम EVM में खराबी की आशंका व्यक्त करते हैं, तो आप कहते हैं कि यह राजनीति है, लेकिन जब इस पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अपनी बात रखने लग जाएं, तो आपको इसे गंभीरता से लेना चाहिए। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दाखिल हुई है।” उन्होंने आगे कहा, “मतदान के 10-12 दिन बाद जिस तरह से वोटिंग प्रतिशत बढ़ रहा है, वो कहीं ना कहीं सभी राजनीतिक दलों के लिए चिंता का विषय है। मत प्रतिशत के आंकड़े 24 घंटे के दरमियान जारी किए जाने चाहिए, लेकिन इसे 10-12 दिनों में जारी किया जा रहा है, तो यकीनन इस पर सवाल उठेंगे ही। इस पर चुनाव आयोग को यथाशीघ्र हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि पूरी वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके।”

दीपक बैज ने कहा, “बीते दिनों चुनाव आयोग इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के पास गया था और कहा था कि मशीन लाकर दिखाए, लेकिन अफसोस कोई कदम नहीं उठाया गया। अब ऐसे में आशंका तो गहराएगी ही। चुनाव आयोग को इस आशंका को दूर करना चाहिए। यह लोकतंत्र है, मगर इस लोकतांत्रिक व्यवस्था में ऐसा नहीं किया जा रहा है, जो कि निंदनीय है। पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिससे कहीं ना कहीं आशंका तो गहराती ही है।”

डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया पलटवार

वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज के ईवीएम को लेकर सवाल उठाये जाने पर भाजपा ने पलटवार किया है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि जबसे चुनाव की प्रकिया शुरू हुई है, जब मतदान अंतिम चरण में पहुंचा है तबसे कांग्रेस ईवीएम पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है। दरअसल, कांग्रेस को इस चुनाव में सफाया होता दिख रहा है। कोर्ट भी ये बात स्पष्ट कर चुकी है कि कि ईवीएम से छेड़छाड़ के सबूत कहीं नहीं हैं। विपक्षी दल के लोग देश के लोकतंत्र को बदनाम कर रहे हैं। अब ये लोग हार के कारण के लिए ईवीएम का बहाना बना रहे हैं।

 

 

RELATED POSTS

View all

view all