CG New DGP: छत्तीसगढ़ को आज अपना नया डीजीपी मिल गया है। 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले 7 जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) और बस्तर क्षेत्र के आईजी के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नवनियुक्त डीजीपी अरुण देव गौतम को नगर सेना और नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। छत्तीसगढ़ गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें अस्थायी रूप से पुलिस महानिदेशक (पुलिस बल प्रमुख) का कार्यभार सौंपा गया है।
CG New DGP: राष्ट्रपति पुलिस पदक से हो चुके हैं सम्मानित
आईपीएस अरुण देव गौतम को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी नियुक्ति से राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है। वर्तमान डीजीपी अशोक जुनेजा का कार्यकाल 5 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। इससे पहले सरकार ने सीनियर IPS अधिकारियों के नामों का पैनल केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा था, जिसमें पवन देव, अरुण देव गौतम और हिमांशु गुप्ता के नाम शामिल थे।