रायपुर। ओडिशा में नवीन पटनायक की सरकार को 24 साल हो गए हैं। आप लगातार एक ही सरकार बना रहे हैं। लेकिन ओडिशा का उतना विकास नहीं हुआ है, जितना होना चाहिए था। प्रदेश में छत्तीसगढ़ की तरह डबल इंजन की सरकार बनाएं, मोदी जी सभी गारंटी यहां भी पूरी करेंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने यह बात गुरुवारको ओडिशा नुआपाड़ा विधानसभा के कुरुमपुरी पेंड्रावन, पंडेलबही, कंडेतरा, लखना, डूमरपाली में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मोदी की सभी गारंटी पूरी हुई है। 3100 रुपए क्विंटल में धान की खरीदी की जा रही है। महिलाओं को मासिक एक हजार रुपए तीन किश्त में मिल चुकी है। यहां भी किसानों को धान का 3100 रुपए मिलेगा। माता बहनों को 50 हजार रुपए का कार्ड दो साल के लिए मिलेगा। वहीं 5 लाख नौजवान युवाओं को नौकरी मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि, ओडिशा को सीएम नवीन पटनायक नहीं चला रहे, उनके खास अधिकारी राज्य को चला रहे हैं। मुख्यमंत्री बुजुर्ग हो गए हैं। पटनायक सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं नुआपाड़ा के बीजू जनता दल के प्रत्याशी राजेंद्र ढोलकिया ने दोनों हाथ से प्रदेश को लूटा है। जनता के लिए पांच साल में कुछ नहीं किया है। ढोलकिया बीमार है, उसे देखभाल की जरूरत है, ऐसे में वो लोगों की सेवा कैसे करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी ने युवा और ईमानदार प्रत्याशी मैदान में उतारा है। जनता से अपील है कि नुआपाड़ा विधानसभा में अभिनंदन पांडा जी और कालाहांडी लोकसभा में मालविका देवी जी को आशीर्वाद देकर ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बनाएं। मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर भारत में मजबूत और दृढ़ सरकार का पुनर्गठन करने में अपनी भूमिका निभाएं।