PM Modi Road Show : पीएम मोदी ने किया मेगा रोड शो, ‘कार्यकर्ता महाकुंभ’ को किया संबोधित, कांग्रेस पर साधा निशाना
September 25, 2023 | by livekhabar24x7.com
भोपाल। PM Modi Road Show : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भोपाल में मेगा रोड शो किया, जिसके बाद उन्होंने कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित इस कार्यकर्ता महाकुंभ को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को जनता तक पहुँचाने के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में पहुँचीं महिला प्रतिनिधियों ने पीएम नरेंद्र मोदी को माला पहना कर उनका अभिनन्दन किया और उन्हें धन्यवाद दिया।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ये जनसैलाब, ये उमंग, ये उत्साह, ये कार्यकर्ता का महाकुंभ, महासंकल्प – बहुत कुछ कहता है। उन्होंने बताया कि ये दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है, ये दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई भाजपा, ये दिखाता है भाजपा और भाजपा के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला।मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है।
पीएम मोदी ने इस दौरान ये भी कहा कि यहाँ के युवाओं ने कॉन्ग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कें, अंधेरे में जीने को मजबूर गाँव और गरीब नहीं देखा। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने मध्य प्रदेश को नई ऊँचाई पर ले जाने का कार्य किया है, यहाँ के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। उन्होंने बताया कि आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं।
साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर 1 काम बना दिया। उन्होंने जनता से कहा कि मध्य प्रदेश के विकास के लिए आने वाले साल बहुत महत्वपूर्ण हैं। “जहाँ-जहाँ कॉन्ग्रेस गई, वहाँ उन्होंने बर्बादी ही की है। यदि कॉन्ग्रेस आई तो एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने याद किया कि कैसे कॉन्ग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, आज भारत के UPI से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कॉन्ग्रेस को ये भी पसंद नहीं है। वहीं अपनी पार्टी की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा आज आधुनिक सड़कें, चौड़े हाई-वे और एक्सप्रेस-वे बना रही है, लेकिन कॉन्ग्रेस इसकी आलोचना करती है। उन्होंने ये भी बताया कि भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन, स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है, भोपाल के रानी दुर्गावती स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, लेकिन कॉन्ग्रेस को ये भी नहीं पच रहा है।
RELATED POSTS
View all